संभागायुक्त, आईजी और कलेक्टर ने स्ट्रांग रूम सामग्री वापसी स्थल का किया निरीक्षण

व्यवस्थाओं का लिया जायजा
दुर्ग। दुर्ग संभाग के कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज पहुॅचकर स्ट्रांग रूम व सामग्री वापसी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों एवं दो आंशिक बेमेतरा और साजा विधानसभा क्षेत्रों के सामग्री वापसी के लिए अलग-अलग बनाए गए स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सामग्री वापसी के लिए बनाए गए स्ट्रांग एवं पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने यहां पर लगाए गए सीसी टीवी कैमरे की भी जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने 6 विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष, आब्जर्वर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष, कंट्रोल रूम आदि का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्ट्रंाग रूम के सुरक्षा उपायों के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली। इस अवसर पर ए.डी.एम. अरविंद एक्का, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे, एएसपी अभिषेक झा, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, नगर पालिक निगम दुर्ग आयुक्त लोकेश चंद्राकर, नगर निगम भिलाई आयुक्त देवेश ध्रुव, नगर पालिक निगम रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर मुकेश रावटे, लवकेश ध्रुव, महेश राजपूत, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, अनुविभागीय दंडाधिकारी धमधा सोनल डेविड सहित स्ट्रांग रूम के सुरक्षा में तैनात अधिकारियों के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।